टीम इंडिया को झटका! अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर Hardik Pandya

The News Canvas
3 Min Read
Image: Sports tak Hindi

टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।

मंगलवार को बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेस टेस्ट पास करने के कुछ घंटों बाद ही Hardik को हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई। सीरीज की शुरुआत 13 जून से होनी है।

32 वर्षीय Hardik IPL के दौरान मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए पीठ की जकड़न से परेशान हो गए थे। उसी चोट से उबरने के बाद वे फिटनेस क्लियरेंस लेने बेंगलुरु पहुंचे थे।

हालांकि, अब नई चोट ने उनकी वापसी पर फिर ब्रेक लगा दिया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, BCCI सूत्रों ने बताया है कि हार्दिक को पूरी तरह फिट होने के लिए कम से कम तीन हफ्तों के रिहैब और रिकवरी की जरूरत होगी।

ऐसे में वह अफगानिस्तान वनडे सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

10 ओवर की बॉलिंग के बाद फिर चोटिल हुए पंड्या

जानकारी के मुताबिक, Hardik बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट के अंतिम चरण से गुजर रहे थे। असेसमेंट के दौरान उन्होंने अपनी मैच फिटनेस जांचने के लिए पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की।

माना जा रहा है कि लंबे ब्रेक के बाद अचानक लगातार पूरा स्पेल डालने की वजह से उनकी जांघ की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिसके चलते उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई। यही चोट अब उनकी अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर होने की बड़ी वजह बनी है।

मंगलवार को फिटनेस टेस्ट पास किया

मंगलवार को टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर Hardik ने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना फिटनेस टेस्ट पास किया था।

हालांकि, टेस्ट क्लियर करने के कुछ ही घंटों बाद Hardik को हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की समस्या हो गई, जिसके चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए।

शनिवार से शुरू होगी सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून, शनिवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में होगा।

हार्दिक पंड्या IPL 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए चोट से जूझ रहे थे और इसी वजह से उन्होंने कुछ मुकाबले भी मिस किए थे। हालांकि, वे 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच में मैदान पर लौटे थे।

अब एक बार फिर चोट की वजह से हार्दिक टीम इंडिया से बाहर हो गए हैं, जिससे अफगानिस्तान सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है।

Edited by: Bhoomi Goyal

Share This Article
Leave a Comment