Alia Bhatt स्टारर YRF स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ का टीजर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। करीब 1 मिनट 55 सेकेंड लंबे इस टीजर में Alia दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं।
टीजर की कहानी एक युवा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार Alia Bhatt निभा रही हैं। बचपन से ही उसे एक खास मिशन के लिए ट्रेन और तैयार किया जाता है।
वीडियो में बॉबी देओल, Alia को ‘अल्फा’ नाम के एक सीक्रेट प्रोग्राम से परिचित कराते दिखाई देते हैं। यह प्रोग्राम भारत के अगली पीढ़ी के सैनिक तैयार करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
टीजर में हाई-ऑक्टेन एक्शन, इमोशनल बैकस्टोरी और स्पाई यूनिवर्स की झलक देखने को मिलती है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
शाहरुख ने की आलिया की तारीफ
‘अल्फा’ का टीजर रिलीज होने के बाद शाहरुख खान ने भी Alia की तारीफ की। शाहरुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “बहुत बढ़िया Alia… पहले तुम दिल तोड़ती थीं और अब हड्डियां तोड़ रही हो। तुम्हारा टैलेंट लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। उम्मीद है कि ‘अल्फा’ दर्शकों का दिल जीत लेगी और सीक्वल के लिए कुछ विलेन भी बच जाएंगे।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में आगे लिखा, “जाओ और सबको दिखा दो, सिग्मा गर्ल!”
शाहरुख ने बॉबी देओल की भी तारीफ करते हुए कहा, “बॉबी सर, जब आप विलेन बनते हैं तो कमाल कर देते हैं। आपको एक बड़ी-सी झप्पी।” इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के निर्देशक शिव रवैल और पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
क्या है कहानी?
‘अल्फा’ यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है और यह यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड एक्शन फिल्म भी होगी। फिल्म में Alai मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जबकि शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। खास बात यह है कि ‘वॉर’ यूनिवर्स के किरदार कबीर के रूप में ऋतिक रोशन का कैमियो भी फिल्म में देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और इसे 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
कैसा है फिल्म का टीजर?
करीब 1 मिनट 55 सेकेंड लंबे ‘अल्फा’ के टीजर की शुरुआत एक रेस्टोरेंट सीन से होती है, जहां बॉबी देओल अपनी बेटी सीता यानी Alia को 18वें जन्मदिन की बधाई देते नजर आते हैं। Alia कहती हैं, “थैंक यू बाबा, आपने मेरे लिए जो किया है, वो बहुत मायने रखता है।”
इसके बाद बॉबी उन्हें एक छोटा-सा गिफ्ट बॉक्स देते हैं। बॉक्स के अंदर एक कार्ड होता है, जिस पर “34th Floor, Room No. 3418” लिखा होता है। आलिया पूछती हैं कि वहां उन्हें क्या करना है, जिस पर बॉबी जवाब देते हैं, “वही, जिसके लिए मैंने तुझे ट्रेनिंग दी है।”
इसके बाद टीजर पूरी तरह हाई-ऑक्टेन एक्शन मोड में बदल जाता है। Alia जबरदस्त फाइट सीक्वेंस करती नजर आती हैं, जबकि बॉबी देओल का खतरनाक और दमदार अवतार भी देखने को मिलता है।
टीजर में ‘अल्फा’ का मतलब भी रिवील किया गया है। यह एक सीक्रेट मिशन है, जिसे भारत के अगले जनरेशन के सोल्जर्स तैयार करने के लिए बनाया गया है।
टीजर का एक दमदार डायलॉग भी खूब चर्चा में है, जहां बॉबी कहते हैं, “दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं… वोल्फ और शिप। मैं वोल्फ हूं, तू क्या है?” इसके जवाब में Alia कहती हैं, “वोल्फ की बेटी, वोल्फ ही होती है सर।”
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है और फैंस लगातार इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
आलिया से विवाद की खबरों पर बोले बॉबी देओल- अफवाह है
हाल ही में बॉबी देओल ने ‘अल्फा’ की शूटिंग के दौरान Alia के साथ अनबन की खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी और इन्हें पूरी तरह अफवाह बताया।
रजत शर्मा के शो ‘आप की अदालत’ में जब उनसे इस मामले पर सवाल पूछा गया, तो बॉबी ने कहा, “मुझे भी किसी दोस्त ने उस खबर का स्नैपशॉट भेजा था। मैं खुद हैरान रह गया। लोग इतने वेल्ले हैं कि कुछ भी लिख देते हैं।”
बॉबी ने आगे Alia की तारीफ करते हुए कहा, “मैंने हाल ही में रणबीर कपूर के साथ काम किया था और फिर जब पता चला कि मुझे Alia के साथ फिल्म मिली है, तो मुझे लगा कि ये मेरे साथ क्या हो रहा है, क्योंकि दोनों ही मेरे फेवरेट एक्टर्स हैं।”
उन्होंने Alia को बेहद मेहनती और प्रोफेशनल बताते हुए कहा, “वह शानदार एक्ट्रेस हैं। फाइट सीक्वेंस हो या कोई कठिन सीन, वह हमेशा पूरी तैयारी के साथ आती हैं।”
तो देखना यह कि यह फिल्म सिनेमा घरों में और लोगों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है।
Edited by: Bhoomi Goyal
