केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोलकाता मेट्रो में की यात्रा

The News Canvas
2 Min Read
Image: TNC

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान आम जनता के बीच पहुंचकर सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जय हिंद स्टेशन से नोआपारा स्टेशन तक कोलकाता मेट्रो में सफर किया और सहयात्रियों से बातचीत कर उनके यात्रा अनुभवों को जाना। यात्रियों ने मेट्रो सेवाओं को लेकर अपने सुझाव और प्रतिक्रियाएं भी मंत्री के साथ साझा कीं।

मेट्रो यात्रा के दौरान अश्विनी वैष्णव ने स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित स्टेशन यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाते हैं। सफाई कर्मचारियों ने भी संतोष जताया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को सीधे रेल मंत्री द्वारा सुना जा रहा है।

दौरे का सबसे खास पहलू तब देखने को मिला जब निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा न होने के बावजूद रेल मंत्री ने नोआपारा से बेलघोरिया एक्सप्रेसवे तक ऑटो-रिक्शा से यात्रा करने का फैसला किया। इस कदम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इसे जनता के बीच सरल और सुलभ राजनीति का उदाहरण बताया।

इस दौरान भाजपा के ‘भय आउट, विश्वास इन’ संदेश को भी प्रमुखता से सामने रखा गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा जनता के विश्वास को मजबूत करने और विकास आधारित राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन कार्यक्रमों के बाद केंद्रीय मंत्री ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं और आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।

Share This Article
Leave a Comment