कैनेडियन पुलिस के अनुसार, Air Canada के एक रिटायर्ड पायलट ने कैप्टन बनने के लिए ज़रूरी असली पायलट लाइसेंस लिए बिना ही 16 से ज़्यादा सालों तक सैकड़ों उड़ानें भरीं और अब उन पर आपराधिक आरोप लग रहे हैं। इस पूरे मामले में पायलट जेफ़री वॉल को 1 जून को गिरफ़्तार किया गया।
CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं का कहना है कि 2009 से 2025 के बीच वॉल ने 900 से ज़्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भरीं, लेकिन उन्होंने कभी भी सही लाइसेंस हासिल नहीं किया और न ही ज़रूरी टेस्ट पूरे किए।
पील रीजनल पुलिस के डिप्टी चीफ़ मिलिनोविच ने इस घटना की तुलना फ़िल्म की स्क्रिप्ट से की। एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, “यह जांच और इससे जुड़ी जानकारियां किसी फ़िल्म की स्क्रिप्ट जैसी लगती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जब वॉल Air Canada में पायलट-इन-कमांड बने, तो उन्होंने बोइंग 767, 777 और 787 विमान उड़ाए और सैलरी के तौर पर लगभग 3 मिलियन कनाडाई डॉलर कमाए।
‘आरोपी ने गलत जानकारी दी’
मिलिनोविच ने कहा कि पुलिस का मानना है कि वॉल ने अपने एम्प्लॉयर और रेगुलेटर, दोनों को अपनी क्वालिफिकेशन के बारे में गलत जानकारी देकर एयरलाइन को खुद को नौकरी पर रखने के लिए मना लिया था।
हालांकि Air Canada के साथ अपने 27 साल के करियर के दौरान वॉल के पास कमर्शियल फ्लाइट उड़ाने का लाइसेंस था, लेकिन पुलिस ने कहा कि उन्होंने कभी भी ‘एयरप्लेन के लिए एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस’ (ATPL-A) हासिल नहीं किया, जो 2009 में कैप्टन के पद पर प्रमोट होने के बाद ज़रूरी था।
मिलिनोविच ने कहा, “यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई डॉक्टर जिसे फ़ैमिली मेडिसिन की प्रैक्टिस करने का लाइसेंस तो मिला हो, लेकिन वह अपने ऑफ़िस में ब्रेन सर्जरी कर रहा हो।” उन्होंने आगे कहा, “प्रोफ़ेशनल डेज़िग्नेशन (पेशेवर पद) के लिए कुछ अतिरिक्त ज़रूरतें और नियम होते हैं, और उनके पीछे कोई न कोई वजह होती है।”
2025 में कागज़ात की सामान्य जाँच के दौरान वॉल की योग्यताओं में गड़बड़ियाँ सामने आईं, जिसके बाद Air Canada ने रेगुलेटर्स को इसकी सूचना दी। जाँच शुरू होने से पहले ही, 2025 में वॉल रिटायर हो गए।
Edited by: Bhoomi Goyal
