Asalpur-जोबनेर –
मां ज्वाला की नगरी, आशापुरा माता रानी की पावन धरा, शिक्षा एवं औद्योगिक क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाले आसलपुर-जोबनेर रेलवे स्टेशन को आखिरकार वह बड़ी सौगात मिल गई, जिसका क्षेत्रवासी वर्षों से इंतजार कर रहे थे। लंबे समय से चली आ रही जनभावना और यात्रियों की मांग अब पूरी होने जा रही है। 19 मई 2026 से जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस तथा श्रीगंगानगर-कोटा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों का नियमित ठहराव आसलपुर-जोबनेर रेलवे स्टेशन पर शुरू होगा। इस निर्णय से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

रेलवे की इस महत्वपूर्ण सौगात से आसलपुर, जोबनेर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों एवं दैनिक रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। शिक्षा नगरी के रूप में प्रसिद्ध जोबनेर में स्थित कृषि विश्वविद्यालय, विभिन्न शिक्षण संस्थानों तथा आसपास संचालित औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों से जुड़े लोगों को अब बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। साथ ही धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झोटवाड़ा विधायक राज्यवर्धन सिंह राठौड़ तथा जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। क्षेत्रवासी इस पल को ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।

रेलवे विभाग द्वारा जारी समयानुसार गाड़ी संख्या 12467/12468 जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस का आसलपुर-जोबनेर रेलवे स्टेशन पर प्रथम आगमन शाम 5 बजकर 02 मिनट पर होगा तथा 5 बजकर 04 मिनट पर प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22981/22982 एवं 22997/22998 श्रीगंगानगर-कोटा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का रात 10 बजकर 50 मिनट पर आगमन और 10 बजकर 52 मिनट पर प्रस्थान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सुबह यह ट्रेन 4 बजकर 38 मिनट पर पहुंचेगी और 4 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान ट्रेन के पायलट, को-पायलट एवं ट्रेन मैनेजर का माला एवं साफा पहनाकर सम्मान भी किया जाएगा। रेलवे स्टेशन परिसर को सजाया जाएगा तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण जनता की उपस्थिति में समारोह को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
दैनिक रेल यात्री महासंघ के अध्यक्ष गोपाल कुमावत एवं सचिव नरेंद्र पारीक, सदस्य रेलवे सलाहकार समिति, रेलवे स्टेशन आसलपुर-जोबनेर ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल ट्रेन ठहराव नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, सुविधा और वर्षों की जनभावना की जीत है।
Read More: Asalpur: शिक्षा का बढ़ा मान, विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
