PM Modi के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर CM भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मोती डूंगरी स्थित गणेश जी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश व प्रदेश की उन्नति तथा प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
CM ने मीडिया से बातचीत में कहा कि PM Modi के 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हुआ है। इस समयावधि में उनके ऐतिहासिक कार्यों एवं निर्णयों से देश में सकारात्मक परिवर्तन आया है। जनकल्याण एवं विकास की योजनाएं, नक्सलवाद एवं आतंकवाद का खात्मा तथा दुनिया में बढ़ता भारत का गौरव इसका प्रमाण है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंतिम पायदन पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है।
उल्लेखनीय है कि PM Modi ने देश में सबसे लम्बे समय तक (12 वर्ष से अधिक) निर्वाचित PM के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरे कार्यकाल में नव कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
इससे पहले CM ने मंदिर परिसर में ही श्रद्धालुओं को सेवाभाव से प्रसाद का वितरण किया तथा पूर्ण आत्मीयता से बातचीत भी की। इस अवसर पर विधायक कालीचरण सराफ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
प्रदेशभर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देवस्थान विभाग द्वारा प्रदेशभर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और प्रार्थना सभाओं का आयोजन कराया गया। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की गई।
इससे पहले देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने शासन सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि प्रदेश, जिला और उपखंड स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं तय समय पर सुनिश्चित की जाएं।
मंदिरों में पेयजल करने के निर्देश
देवस्थान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि गर्मी को देखते हुए मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छांव, स्वच्छता और सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही कार्यक्रमों के बेहतर संचालन और समन्वय के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
उन्होंने यह भी कहा था कि इन आयोजनों में आमजन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम व्यापक जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक आयोजित हो सकें।
