जयपुर में कई इलाकों में 24 घंटे इंटरनेट सेवा बंद, JDA की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई आज

The News Canvas
3 Min Read
Image: AI

राजधानी जयपुर में सोमवार को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन ने एहतियातन कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

अधिकारियों को आशंका है कि सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स के जरिए अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश हो सकती है। इसे देखते हुए जयपुर के संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने इंटरनेट सेवाएं बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक कई क्षेत्रों में 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

बताया जा रहा है कि जगतपुरा इलाके में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए सोमवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा।

JDA करेगा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

प्रशासन के मुताबिक, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) सोमवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने जा रहा है। इस कार्रवाई को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक खबरें या भड़काऊ पोस्ट फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद करने का फैसला लिया गया है।

सोशल मीडिया सेवाएं भी प्रभावित

जारी आदेश के अनुसार, केवल मोबाइल इंटरनेट ही नहीं बल्कि बल्क SMS और इंटरनेट आधारित मैसेजिंग सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। वॉट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी अस्थायी रोक रहेगी। हालांकि, जरूरी सरकारी और आपातकालीन सेवाओं को नियमों के तहत छूट दी जा सकती है।

इन थाना क्षेत्रों में रहेगा इंटरनेट बंद

यह प्रतिबंध जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जयपुर जिले के कई इलाकों में लागू किया जाएगा। जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टाबस्ती, विद्याधर नगर और जयसिंहपुरा खोर सहित कई थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

इसके अलावा जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, तूंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोतीडूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्र भी नेटबंदी के दायरे में शामिल रहेंगे।

Edited by: Bhoomi Goyal

Share This Article
Leave a Comment