राजधानी Jaipur में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। करणी विहार थाना क्षेत्र के गांधी पथ, वैशाली नगर स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी ढहने से तीन महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए SMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए CPR समेत तमाम प्रयास किए, लेकिन तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक महिलाओं की पहचान
मृतक महिलाओं की पहचान सुनीता देवी, आन्ती कुमारी और प्रतिभा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों महिलाओं के शवों को SMS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और निर्माण स्थल से जुड़े पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस का क्या कहना?
करणी विहार थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि गांधी पथ स्थित निर्माण स्थल पर काम के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिसकी चपेट में आकर तीन महिला मजदूर दब गईं। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल से जुड़े सभी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
